Jharkhand News: झारखंड के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में स्टेट टॉपर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने हाथों से विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार के साथ लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा जेईई, नीट और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार, इस समारोह में कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की तैयारी है।
स्टेट टॉपर्स को मिलेंगे 3 लाख, 2 लाख और 1 लाख रुपये
जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा के टॉप थ्री विद्यार्थियों को राज्य सरकार सम्मानित करेगी। इसके तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 3 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 2 लाख रुपये और तीसरे स्थान के विद्यार्थी को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप और मोबाइल भी प्रदान किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल संकाय के टॉपर्स को भी पुरस्कार देने का निर्णय लिया गया है। तीनों बोर्ड को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 12 टॉपर्स को भी मिलेगा पुरस्कार
स्थापना दिवस समारोह में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर्स को मिलाकर कुल 12 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। इन्हें लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार की आकांक्षा कोचिंग योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
JEE-NEET और CLAT में सफल विद्यार्थियों की भी चमकेगी किस्मत
राज्य सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित करेगी। आकांक्षा कोचिंग के कुल 50 विद्यार्थियों को सम्मानित करने की तैयारी है। इनमें जेईई में सफलता हासिल करने वाले 35 और नीट में सफल 12 विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा क्लैट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
1.46 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि, 226 लैपटॉप और 80 मोबाइल बांटे जाएंगे
15 नवंबर को आयोजित होने वाले सम्मान समारोह के लिए शिक्षा विभाग ने व्यापक तैयारी की है। कुल 235 विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने के लिए 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों के बीच 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल और 9 टैब वितरित किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
13 नवंबर तक देनी होगी विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को पत्र जारी कर सम्मान समारोह की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को 13 नवंबर तक सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति से संबंधित जानकारी उपलब्ध करानी होगी।
यदि किसी कारणवश कोई विद्यार्थी समारोह में शामिल नहीं हो पाता है, तो ऐसी स्थिति में उसके माता-पिता समारोह में उपस्थित होकर पुरस्कार प्राप्त कर सकेंगे। शिक्षा विभाग ने जिलों को चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संपर्क स्थापित कर समय पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

