रांची। झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। विभाग ने वर्तमान रजिस्ट्रार-सह-सचिव प्रशांत कुमार पांडेय को उनके पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर रंजीत कुमार चौधरी को औपबंधिक यानी प्रोविजनल प्रभार सौंपा गया है।
रंजीत कुमार चौधरी वर्तमान में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में सहायक निदेशक (औषधि) के पद पर कार्यरत हैं। स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव की ओर से इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किया गया है।
शिकायतों के बाद विभाग ने लिया फैसला
विभागीय आदेश के अनुसार, प्रशांत कुमार पांडेय 14 अक्टूबर 2024 से रजिस्ट्रार-सह-सचिव का औपबंधिक प्रभार संभाल रहे थे। इस दौरान उनके खिलाफ विभाग को कई शिकायतें और परिवाद पत्र प्राप्त हुए थे।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 3 जुलाई 2026 को झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष को पत्र भेजकर प्रशांत पांडेय के स्थान पर अन्य योग्य व्यक्ति के नाम की अनुशंसा करने को कहा था।
हालांकि, निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद काउंसिल की ओर से न तो जवाब दिया गया और न ही किसी नए नाम की अनुशंसा की गई। इसके बाद विभाग ने अपने स्तर पर प्रशासनिक बदलाव का निर्णय लिया।
स्वास्थ्य मंत्री की मंजूरी के बाद जारी हुआ आदेश
विभाग के मुताबिक, काउंसिल की ओर से समय पर प्रतिक्रिया नहीं मिलने और पूर्व रजिस्ट्रार के खिलाफ प्राप्त शिकायतों को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।
पूरे प्रस्ताव को स्वास्थ्य मंत्री की मंजूरी मिलने के बाद आदेश जारी किया गया है। अब रंजीत कुमार चौधरी अगले आदेश तक झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार-सह-सचिव का औपबंधिक प्रभार संभालेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर अहम बदलाव
स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले को झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के प्रशासनिक कामकाज के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए प्रभार के बाद काउंसिल के कामकाज और लंबित प्रशासनिक मामलों में आगे क्या बदलाव होते हैं, इस पर भी नजर रहेगी।


