रांची। JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहा छात्र आंदोलन मंगलवार को झारखंड बंद के दौरान भी जारी है। रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और प्रशासन के बीच कई जगहों पर तनाव की स्थिति देखने को मिल रही है। छात्रों को कैंप जेल ले जाने की तैयारी की जा रही है।

प्रदर्शन के बीच छात्रा बेहोश
बंद के दौरान प्रदर्शन में शामिल मांडर की छात्रा रोशनी कुमारी के बेहोश होने की जानकारी सामने आई है। वहीं प्रदर्शनकारियों को बस के सामने से हटाया गया। मौके पर प्रशासन की मौजूदगी में छात्रों को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है।

पुरानी विधानसभा के पास छात्रों का जमावड़ा
पुरानी विधानसभा के पास ABVP के सदस्यों और छात्रों की भीड़ जुटी हुई है। प्रदर्शनकारी एक बस को आगे बढ़ने नहीं दे रहे थे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर दो अतिरिक्त बसें मंगवाईं। इसी दौरान कुछ छात्र बस की छत पर भी चढ़ गए।
पुलिस की कार्रवाई को लेकर फिर तनाव
छात्रों पर पहले हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए बंद के दौरान बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतरे हैं। पुलिस की ओर से भीड़ को हटाने और स्थिति नियंत्रित करने की तैयारी की जा रही है। इससे मौके पर तनाव और बढ़ गया है।
निरसा में NH-19 पर भाजपा का प्रदर्शन
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कई जगहों पर प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता के नेतृत्व में निरसा चौक पर NH-19 जाम कर हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
JPSC-JSSC विवाद को लेकर रांची से लेकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन जारी है। बंद के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।


