Bihar News: झारखंड राज्यसभा चुनाव में NDA ने INDIA गठबंधन को बड़ा झटका दिया है। दरअसल भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी ने राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज की है, जबकि JMM के बैद्यनाथ राम भी निर्वाचित हुए। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा।

नाथवानी को 28, बैद्यनाथ राम को 31 और प्रणव झा को 19 वोट मिले, जबकि 3 वोट अवैध घोषित किए गए। कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने 4 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। वहीं, कांग्रेस राजद और वामदल पर धोखा देने का आरोप लगा रहा है। इस नतीजे का असर राज्य की सियासत और सरकार की स्थिरता पर पड़ सकता है।

राजद ने कांग्रेस को दी मंथन की सलाह

इस बीच राजद ने संभावित क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बालो है। राजद ने एक्स पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, झारखंड प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में परिणाम से स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस अपने ही सभी विधायकों का समर्थन हासिल करने में नाकाम रही।

राजद ने कहा कि, दूसरे दलों पर बिना सोचे-समझे अनर्गल आरोप लगाने से पूर्व स्वयं में झांककर मंथन और चिंतन करना चाहिए कि विगत मार्च महीने में राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों में कांग्रेस के हरियाणा से 5, ओड़िशा से 2 और बिहार से 3 विधायकों ने BJP के पक्ष में खुलकर क्रॉस वोटिंग की तथा जानबुझकर Abstain रहे।

बिहार राज्यसभा चुनाव का किया जिक्र

राजद ने बिहार राज्य सभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि, यही नहीं उन विधायकों ने खुलकर कैमरा पर आकर कहा कि महागठबंधन का उम्मीदवार उनकी पसंद का नहीं था, उनके शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें कोई निर्देश नहीं दिया इत्यादि इत्यादि। सबूत के तौर पर वीडियो संलग्न है। अब तक उन विधायकों के खिलाफ क्या कोई कार्रवाई की गई? बिहार में वही लोग इनके शीर्ष प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठकर अब प्रेस वार्ता भी करते फिरते हैं।

क्रॉस वोटिंग करने वालों पर हो कार्रवाई

राजद ने कहा कि, अब फिर झारखंड चुनाव में इनके नेता अपनी असफलता व नाकामी छिपाने तथा RJD एवं CPI(ML) की बीजेपी विरोधी विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। ऐसे नेताओं की सतही, हल्की और अधीर टिप्पणी INDIA गठबंधन की एकजुटता को नुकसान पहुंचाती है।

क्या हरियाणा, ओड़िशा और बिहार में महागठबंधन के किसी भी नेता ने कांग्रेस पार्टी के विरुद्ध कभी कोई प्रतिकूल टिप्पणी की? नहीं-कभी नहीं! इसलिए झारखंड के इनके शीर्ष नेताओं को बचकाने बयानों से बचना चाहिए और साथ ही पड़ोसी राज्य बिहार से लेकर अन्य राज्यों में अपने ही उम्मीदवारों के विरुद्ध मतदान करने वालों पर बयानबाजी और कार्रवाई करवानी चाहिए। जय हिन्द, जय इंडिया!

हम लोगों में थीं गड़बड़ियां- अखिलेश प्रसाद सिंह

वहीं, झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत पर कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि, धनबल की जीत हुई। वे धनवान व्यक्ति थे, भाजपा का उन्हें समर्थन था। कुछ वोटों को इधर-उधर करके जीत दर्ज कर ली। हम लोगों में गड़बड़ियां थीं।

कांग्रेस ने राजद और वामदल पर लगाया आरोप

उधर झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कांग्रेम उम्मीदवार की हार के लिए राजद और वामदल को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि, राजद और वामदल ने इंडिया गठबंधन को धोखा दिया है। उन्होंने आशंका जताई कि राजद और वामदल के विधायकों ने पैसा लेकर एनडीए समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग की है। उन्होंने यह दावा किया कि प्रणव झा को कांग्रेस के सभी 16 विधायकों का वोट मिला।

ये भी पढ़ें- बिहार में लौंडा डांसर की गोली मारकर हत्या, सुनसान जगह पर जाने से मना करने पर बदमाशोंं ने…