रांची। झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं से जुड़ी मांगों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच शनिवार को हुई दूसरे दौर की वार्ता खत्म हो गई है। बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई, लेकिन छात्रों की मांगों पर अभी अंतिम सहमति नहीं बन सकी है। वार्ता के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने सत्याग्रह आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
दूसरे दौर की बैठक में सरकार की ओर से चार मंत्री छात्र प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर रहे थे। करीब लंबे समय तक चली बैठक में छात्रों ने अपनी मांगें और समस्याएं सरकार के सामने रखीं।
मंत्री ने वेबसाइट के जरिए सुझाव देने की बात कही
वार्ता के बाद मंत्री शुद्धिव्य कुमार सोनू ने एक वेबसाइट का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र इस माध्यम से अपनी राय और सुझाव सरकार तक पहुंचा सकते हैं। सरकार की ओर से छात्रों की बातों पर विचार करने और समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का संकेत दिया गया है।हालांकि, बैठक के बाद भी छात्रों की ओर से आंदोलन खत्म करने की घोषणा नहीं की गई है।
शुक्रवार को भी हुई थी वार्ता
इससे पहले शुक्रवार को सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच पहले दौर की वार्ता हुई थी। उस बैठक में भी छात्रों की प्रमुख मांगों पर सहमति नहीं बन सकी थी। इसके बाद शनिवार को दूसरे दौर की बातचीत आयोजित की गई।
अब छात्रों की मांगों पर सरकार के अगले कदम और संभावित फैसले पर सभी की नजर है। यदि ठोस सहमति नहीं बनती है तो छात्रों की ओर से 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव का कार्यक्रम जारी रहने की संभावना है।
अनशन पर बैठे दो छात्रों की तबीयत बिगड़ी
इधर, रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी सत्याग्रह के दौरान अनशन पर बैठे दो छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है। आंदोलन में शामिल कुछ अन्य छात्रों की तबीयत भी खराब होने की जानकारी सामने आई है।
लगातार बारिश, अनशन और लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बीच छात्रों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। ऐसे में शनिवार को हुई सरकार और छात्रों की वार्ता को आंदोलन की आगे की दिशा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल छात्रों ने सत्याग्रह जारी रखने का फैसला किया है। अब देखना होगा कि सरकार की ओर से उनकी मांगों को लेकर क्या ठोस निर्णय लिया जाता है और क्या आने वाले दिनों में आंदोलन को समाप्त कराने के लिए कोई सहमति बन पाती है।


