झारखंड के होनहार और क्रिएटिव युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक बेहतर प्लेटफार्म तैयार किया है. झारखंड के युवाओं के कौशल विकास और उनके सपनों को पूरा करने की सोच को धरातल पर उतारते हुए झारखण्ड फ़िल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच MoU हस्ताक्षर सम्पन्न हुआ. यह MoU हस्ताक्षर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति में में पूरा हुआ.
राज्य के युवाओं के लिए 22 जुलाई, 2026 दिन बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में इस MoU पर हस्ताक्षर होते ही झारखंड में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है.

आज विधिवत रूप से झारखंड सरकार का एक अंग “झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड’ और ‘सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता’ के सहयोग से स्थापित किया जा रहा है. झारखंड फिल्म एंड टेलिविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विशेषकर मास मीडिया और सिनेमा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण और स्किलिंग प्रदान करना है. फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की दुनिया में करियर बनाने का सपना देखने वाले हजारों युवाओं के सपने अब आकार लेते नजर आयेंगे.
JFTI के पूर्णतः क्रियाशील होने के प्रारंभिक चरण में Short-duration Courses शुरू किए जाएंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अब झारखंड के विद्यार्थियों को फिल्म निर्माण, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, साउंड डिजाइन, स्क्रिप्ट राइटिंग, टेलीविजन प्रोडक्शन और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों की उच्च स्तरीय शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में कई ऐसी प्रतिभाएं हैं जिसे बड़ी पहचान की दरकार है. अभी हाल में ही एक संथाली मूवी ‘आंगेन’ को एक बहुत बड़ा अवॉर्ड मिला और वे फिल्मकार भी आज यहाँ मौजूद हैं.
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के दिशा-निर्देश में झारखण्ड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट राज्य के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने में पूरी तरह कारगर सिद्ध होगा। यह प्रशिक्षण न केवल पारंपारिक सिनेमा, बल्कि वर्तमान दौर के OTT प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन में भी युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराएगा.

मुख्यमंत्री सोरेन ने ये बातें झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित झारखंड फ़िल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच MoU हस्ताक्षर समारोह को संबोधित करते हुए कही.
इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विशेष सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग श्री राजीव लोचन बक्शी, कुलपति, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता श्री समीरन दत्ता, डीन SRFTI श्री सुकांते मजूमदार, सरला बिरला विश्वविद्यालय के डायरेक्टर जनरल प्रोफेसर (डॉ.) गोपाल पाठक, सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ० सी० जगन्नाथ, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रो० श्री सी०बी० शर्मा, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के प्रो० इंद्रनील मुखर्जी, श्री एन० बनर्जी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिगण एवं विद्यार्थीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे.


