Jharkhand Top News : झारखंड में अपराध और सुरक्षा से जुड़ी कई बड़ी घटनाओं ने गुरुवार को सुर्खियां बटोरीं। गिरिडीह में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े यूको बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया, तो गोड्डा में 12 वर्षीय बच्ची की सिर कटी लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इधर, नक्सलियों की गतिविधियों को लेकर पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में अलर्ट जारी किया है। पलामू में एसीबी ने 10 हजार रुपये रिश्वत लेते होमगार्ड कार्यालय के मुंशी को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य व्यवस्था और HPV टीकाकरण को लेकर अहम निर्देश दिए। इसके अलावा बाबूलाल मरांडी के कांग्रेस पर तीखे हमले और हाई कोर्ट की नई पार्किंग व्यवस्था ने भी सुर्खियां बटोरीं। आइए नजर डालते हैं झारखंड की दिनभर की बड़ी खबरों पर।
. गिरिडीह में दिनदहाड़े बैंक डकैती, हथियारबंद छह अपराधियों ने यूको बैंक को बनाया निशाना
गिरिडीह के धनवार स्थित यूको बैंक में गुरुवार दोपहर छह हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोल दिया। बाइक से पहुंचे बदमाशों ने बैंक में घुसते ही कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक में रखी नकदी और जेवरात लूट लिए। अपराधियों ने बैंक के दो ग्राहकों से भी नकदी छीन ली और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
. गोड्डा में 12 साल की बच्ची की निर्मम हत्या, सिर गायब मिलने से इलाके में सनसनी
गोड्डा के ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह बच्ची का शव गांव के बहियार में मिला, जबकि उसका सिर गायब था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, देर रात बच्ची को घर से बाहर ले जाकर धारदार हथियार से वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
. झारखंड में तीन सप्ताह तक नक्सली गतिविधियों का अलर्ट, पुलिस मुख्यालय ने जारी किए विशेष निर्देश
झारखंड में नक्सलवाद के कमजोर पड़ने के बावजूद पुलिस मुख्यालय सुरक्षा को लेकर सतर्क है। प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन की ओर से नवंबर में लगातार तीन सप्ताह तक खूनी क्रांति सप्ताह, दमन विरोधी सप्ताह और शहीद सप्ताह मनाए जाने की सूचना है। इसे देखते हुए सभी जिलों के एसपी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। आशंका है कि नक्सली सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों, रेलवे संपत्तियों और सार्वजनिक स्थलों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
. पलामू में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते होमगार्ड कार्यालय का मुंशी गिरफ्तार
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पलामू प्रमंडलीय एसीबी की टीम ने होमगार्ड कार्यालय में तैनात मुंशी साकेश कुजूर उर्फ सकेंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक होमगार्ड जवान को ड्यूटी के लिए कमान देने के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। गुरुवार को एसीबी की टीम ने ट्रैप बिछाकर आरोपी को कार्यालय से ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
. HPV टीकाकरण पर जल्दबाजी नहीं करेंगे हेमंत सोरेन, पहले पूरे राज्य में होगा सर्वे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सर्वाइकल कैंसर से बचाव, किशोरियों के HPV टीकाकरण, RIMS के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य बीमा योजनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि HPV टीकाकरण को लेकर जल्दबाजी में फैसला नहीं लिया जाएगा। पहले राज्यभर में सर्वे कराया जाएगा और विशेषज्ञों की राय के आधार पर आगे की रणनीति तैयार होगी।
. गोड्डा में संपत्ति विवाद बना पिता की हत्या की वजह, 77 वर्षीय बुजुर्ग को बेटे ने गला दबाकर मार डाला
गोड्डा के मेहरमा थाना क्षेत्र स्थित हीर खुटहरी-भगैया गांव में संपत्ति विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की हत्या कर दी। गुरुवार सुबह हुई इस वारदात में 77 वर्षीय रामजी सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे गणेश साह को गिरफ्तार कर लिया।
बाबूलाल मरांडी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- नेपाल और बांग्लादेश की तरह भारत में सत्ता परिवर्तन चाहती है कांग्रेस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट चोरी का नैरेटिव गढ़कर देश में अराजकता का माहौल तैयार करना चाहती है। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस की मंशा नेपाल और बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में भी सत्ता परिवर्तन कराने की है। वह गुरुवार को दुमका में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
. झारखंड हाई कोर्ट की पार्किंग व्यवस्था में बदलाव, इनर पार्किंग में अब आम लोगों की नो एंट्री
रांची स्थित झारखंड हाई कोर्ट परिसर में पार्किंग के नियमों में बदलाव किया गया है। अब ब्लॉक नंबर-एक की इनर पार्किंग में केवल अधिवक्ताओं और हाई कोर्ट के कर्मचारियों को ही वाहन खड़ा करने की अनुमति होगी। आम आगंतुकों को निर्धारित बाहरी पार्किंग स्थल पर वाहन पार्क करना होगा। हाई कोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन ने यह व्यवस्था ट्रायल के आधार पर अगले आदेश तक लागू की है। इसका उद्देश्य पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना और बेतरतीब वाहन पार्किंग पर रोक लगाना है।

