Jharkhand Top News: झारखंड में आज की बड़ी खबरों में खूंटी का दर्दनाक सड़क हादसा, JSSC CGL-2023 पर हाईकोर्ट का अहम फैसला और आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत का मामला सुर्खियों में है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। दुमका में एक ही कमरे में मां और चार बेटियों के बेहोश मिलने से सनसनी फैल गई है। इधर, निशा भगत की मौत के विरोध में गुमला बंद का ऐलान किया गया है। पढ़िए झारखंड की आज की बड़ी खबरें एक साथ।
. खूंटी में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत
खूंटी में तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रक ने कहर बरपा दिया। कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 माह का मासूम और 19 वर्षीय युवती भी शामिल है। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
. JSSC CGL पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, परीक्षा रद्द करने का आदेश निरस्त
झारखंड हाईकोर्ट ने JSSC CGL-2023 परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने राज्य सरकार के परीक्षा रद्द करने संबंधी आदेश को निरस्त कर दिया। कोर्ट ने सरकार के फैसले को अनुचित और अन्यायपूर्ण बताया है। इससे सफल अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
. आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत, फेसबुक लाइव के बाद मचा हड़कंप
झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत का निधन हो गया है। मौत से करीब दो घंटे पहले वह फेसबुक लाइव पर रोते हुए अपनी पीड़ा बयां कर रही थीं। उन्होंने कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे और अपनी सुरक्षा को लेकर प्रशासन से सवाल किए थे। अब उनकी मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
. इरफान अंसारी के बयान पर सियासी बवाल, BJP ने मांगा इस्तीफा
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के विवादित बयान को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। साथ ही एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग भी की है।
. दुमका में एक कमरे में बेहोश मिली मां और चार बेटियां, एक की मौत
दुमका के बेहराबांक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही कमरे में मां और उसकी चार बेटियां बेहोशी की हालत में मिलीं। दरवाजा तोड़कर सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां निक्की कुमारी को मृत घोषित कर दिया गया। मां, 11 दिन की नवजात और दो अन्य बेटियों का इलाज जारी है।
. निशा भगत की मौत पर आदिवासी समाज में आक्रोश, गुमला बंद का ऐलान
आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के बाद गुमला में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। घटना के विरोध में 7 नवंबर को गुमला बंद बुलाया गया है। कहतो मूली पड़हा की ओर से समाज के लोगों से एकजुट होकर विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है।
SIR पर सुकांत मजूमदार का कांग्रेस पर हमला
विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

