जमशेदपुर। झारखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने राज्यभर में अगले पांच दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना जताई है। 5 से 8 अगस्त के बीच झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है, जिससे कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
7 अगस्त से कोल्हान में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) समेत पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए 7 अगस्त से यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
6 अगस्त (गुरुवार) को जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि, गुरुवार के लिए भारी बारिश की कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विभाग की सलाह
विभाग ने लोगों से आकाशीय बिजली और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और बाहर काम करने वाले लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


