रांची। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए येलो और कुछ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश का यह दौर 16 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।

आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

शुक्रवार को रांची, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को भी बारिश का असर

स्वतंत्रता दिवस के दिन भी मौसम राहत देने के मूड में नहीं रहेगा। गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

16 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार 16 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है। वहीं रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

गुरुवार को झारखंड में सबसे अधिक 52 मिमी बारिश खूंटी में रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में करीब 12 मिमी बारिश हुई और देर रात तक बारिश का दौर जारी रहा।

वज्रपात से महिला की मौत

बारिश के बीच लातेहार जिले से दुखद खबर भी सामने आई है। चंदवा थाना क्षेत्र के चीरो गांव में खेत में धनरोपनी के लिए गई कलतिया देवी (25) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।

राज्य में अब भी बारिश की कमी

झारखंड में मानसून के बावजूद अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है। राजधानी रांची में बारिश की कमी करीब 10 प्रतिशत है। हालांकि पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।