रांची। झारखंड में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग के अनुसार 8 अगस्त तक राज्य के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। गुरुवार को राजधानी रांची में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हजारीबाग जिले के कटकमसांडी प्रखंड में वज्रपात की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे पति-पत्नी की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान बासुदेव महतो (51 वर्ष) और दुलिया देवी (48 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 अगस्त को गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।इसके अलावा 8 अगस्त को दक्षिणी झारखंड के साथ गुमला और खूंटी में भी भारी बारिश के आसार हैं।
10 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 10 अगस्त के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी।
8 अगस्त: कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक।
9 अगस्त: कुछ इलाकों में बारिश और मेघ गर्जन के आसार।
10 अगस्त: राज्य के विभिन्न हिस्सों में फिर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
इन तीनों दिनों के दौरान गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा मौसम संबंधी ताजा चेतावनियों का पालन करें।


