बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का असर, 14 अगस्त को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट,रांची समेत कई इलाकों में येलो अलर्ट


रांची। झारखंड में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से 13 से 16 अगस्त तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने अलग-अलग दिनों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट

13 अगस्त को रांची समेत गुमला, खूंटी, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बारिश की संभावना है।इन इलाकों में तेज हवा के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

14 अगस्त को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 14 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। यहां भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और बोकारो में भी भारी बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट है।

15 अगस्त को रांची में कम बारिश, इन इलाकों में ज्यादा असर

15 अगस्त को राजधानी रांची में बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत कम रह सकती है, लेकिन राज्य के कई अन्य हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

16 अगस्त को खूंटी, रांची के कुछ हिस्सों, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश हो सकती है।

अब तक सामान्य से कम हुई बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 1 जून से 12 अगस्त के बीच झारखंड में सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है। राजधानी रांची में भी सामान्य से 9 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।हालांकि पश्चिमी सिंहभूम में स्थिति अलग है। यहां सामान्य से 21 प्रतिशत ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।

रांची का तापमान 31.1 डिग्री

बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। खासकर वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।