कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में पिछले कई दिनों से महिलाओं के बीच खौफ का सबब बने ‘झुमका लूट गैंग’ का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सहित 4 शातिर आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। यह गैंग शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक पर सवार होकर निकलता था और पलक झपकते ही महिलाओं के कान से सोने के झुमके झपटकर फरार हो जाता था। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से शहर में लंबे समय से चल रहा दहशत का माहौल अब खत्म हो गया है।

चोरी की स्पोर्ट्स बाइक से वारदात

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि इस गैंग ने सबसे पहले वारदात को अंजाम देने के लिए एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक चोरी की थी। इसी बाइक का इस्तेमाल कर आरोपी पिछले 10 दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों की रफ्तार इतनी तेज होती थी कि पीड़ित महिलाओं को संभलने तक का मौका नहीं मिलता था।

मास्टरमाइंड ने नाबालिगों का लिया सहारा

पुलिस के अनुसार, इस पूरे झुमका लूट गैंग के पीछे पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम छतरपुर के दो शातिर युवक मुख्य सूत्रधार (Mastermind) थे। हिमांशु केवट, संतोष कोरी दोनों निवासी- ग्राम छतरपुर, पनागर। इन दोनों ने मिलकर गिरोह में दो अन्य नाबालिग लड़कों को भी शामिल किया था। पिछले 10 दिनों से ये चारों मिलकर शहर में सक्रिय और लगातार महिलाओं को अपना निशाना बना रहे थे।

6 बड़ी वारदातों का खुलासा

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अब तक लूट की आधा दर्जन (6) वारदातों का सफल खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने के झुमके बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है।इस गैंग ने शहर के अधारताल, माढ़ोताल, बरगी और तिलवारा थाना क्षेत्रों में लूट की इन वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला रखी थी।

आरोपियों से पूछताछ जारी

जितेन्द्र सिंह, एडिशनल एसपी (क्राइम) ने बताया “इस शातिर गैंग ने चोरी की स्पोर्ट्स बाइक के जरिए पिछले कुछ दिनों से शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं से कान के झुमके खींचने की कई वारदातें की थीं। मुखबिर और तकनीकी इनपुट के आधार पर पनागर के दो मुख्य आरोपियों सहित कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 8 लाख रुपये कीमत के सोने के झुमके बरामद हुए हैं। आरोपियों से अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m