अजय सैनी, भिवानी. ग्रामीण संस्कृति, खेल भावना और पर्यावरण संरक्षण के अनूठे संगम के साथ गांव झुंपा कलां में कन्नी गिगननाउ के मौजिज लोगों और प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बाबा श्याम बगीची परिसर में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य 5 सितंबर को गोगा मंदिर प्रांगण में होने वाले कुश्ती दंगल के आयोजन की रूपरेखा तैयार करना तथा विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि का निर्धारण करना था।
बैठक की शुरुआत कन्नी कमेटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में शहतूत का पौधा लगाकर की गई। इसके उपरांत कुश्ती दंगल के भव्य और सुचारू आयोजन को लेकर पहलवानों के ठहरने, खान-पान, दर्शकों की सुविधा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित सभी ग्रामीणों और प्रतिनिधियों की सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दंगल के सफल आयोजन के लिए कन्नी के 8 गांवों के सरपंच 5100-5100 रुपये तथा मेजबान गांव झुंपा कलां के सरपंच 11 हजार रुपये का विशेष वित्तीय योगदान देंगे। दंगल में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के पहलवानों के लिए अलग-अलग पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। जिसके तहत पुरूष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 31 हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार तथा तृतीय पुरस्कार 11 हजार रूपये निर्धारित किया गया।
इसी प्रकार महिला वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता में पहला पुरस्कार 5 हजार रूपये, दूसरा 2100 रूपये तथा तृतीय पुरस्कार 1100 रूपये निर्धारित किया गया। बैठक के दौरान कन्नी के प्रधान प्रभुराम एवं सचिव रणबीर सिंह ने कहा कि कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी पारंपरिक धरोहर और ग्रामीण संस्कृति की असली पहचान है। गोगा मंदिर में 5 सितंबर को आयोजित होने वाला यह विशाल दंगल क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। आज के समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों की ओर प्रेरित करना बेहद जरूरी है। खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि समाज में अनुशासन और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि बैठक से पूर्व शहतूत का पौधा लगाकर यह संदेश भी दिया गया है कि खेलों के साथ-साथ प्रकृति का संरक्षण भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। कन्नी कमेटी ने क्षेत्र के सभी खेल प्रेमियों, पहलवानों और ग्रामीणों से 5 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस कुश्ती दंगल को सफल बनाने की अपील की है।
- एमपी में 10 हजार शिक्षकों की भर्ती: प्रमोशन-रिटायरमेंट के बाद और बढ़ेंगे पद, विभाग ने शुरू की तैयारियां
- चिराग पासवान के तीखे तेवर, बोले- आरक्षण पर बयानबाजी बंद करें नेता, यह पिछड़ों का संवैधानिक अधिकार है!
- चित्रकूट में बाढ़ का विकराल रूप: रामघाट का बड़ा पुल टूटा, चारों तरफ मची अफरा-तफरी; अलर्ट मोड पर प्रशासन
- एशियन गेम्स में नहीं दिखेगा ‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा का जलवा, चोट के कारण हुए बाहर, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट
- Odisha Fire News : RTO कार्यालय में लगी भीषण आग, सर्वर रूम जलकर खाक, सेवाएं जल्द बहाल करने का प्रयास जारी


