चंडीगढ़। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में हरियाणा के जींद निवासी कारोबारी विजेंद्र मोर की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि इस सनसनीखेज वारदात को विजेंद्र की पूर्व लिव-इन पार्टनर ने अपने पति के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने की साजिश के तहत अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले विजेंद्र मोर का अपहरण किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान मिटाने के लिए शव पर करीब 40 लीटर डीजल डालकर उसे जंगल में जला दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से कारोबारी की अधजली हड्डियां भी बरामद कर ली हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
जमीन हड़पने के लालच में रची गई साजिश
जांच में खुलासा हुआ कि विजेंद्र मोर की करोड़ों रुपये की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से पूरी साजिश रची गई थी। पूर्व लिव-इन पार्टनर और उसके पति ने योजनाबद्ध तरीके से कारोबारी को अपने जाल में फंसाया, फिर उसका अपहरण कर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया।
पुलिस टीम का पीछा करते समय हुआ दर्दनाक हादसा
मामले की जांच के दौरान उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब आरोपियों को पकड़ने जा रही पुलिस टीम की गाड़ी हरियाणा के नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार पुलिसकर्मियों सहित विजेंद्र मोर के मौसेरे भाई की मौत हो गई। मौसेरा भाई ही इस हत्याकांड का शिकायतकर्ता था और पुलिस जांच में लगातार सहयोग कर रहा था।
इनामी दंपती गिरफ्तार
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की साजिश और शव ठिकाने लगाने की पूरी कहानी उगल दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से अधजले अवशेष बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


