संजय कुमार, जींद। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल जींद को तीन नई एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं। इन अत्याधुनिक एंबुलेंसों के शुरू होने से गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्नत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
दरअसल, पहले संचालित ALS एंबुलेंस निर्धारित किलोमीटर पूरा कर चुकी थीं और उनकी स्थिति सड़क पर संचालन के लिए उपयुक्त नहीं रह गई थी। नई एंबुलेंसों की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
नई ALS एंबुलेंस आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस हैं। इनमें कार्डियक मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम, इन्फ्यूजन पंप, स्पाइन बोर्ड, स्ट्रेचर समेत अन्य आवश्यक इमरजेंसी उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही इनमें प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ भी तैनात रहेगा, जो मरीज को अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्राथमिक और आवश्यक उपचार उपलब्ध करा सकेगा।
इन एंबुलेंसों के संचालन से हार्ट अटैक, सड़क दुर्घटना, सांस संबंधी गंभीर बीमारियों और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की जान बचाने की संभावना बढ़ेगी। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जिले में पहले स्वास्थ्य विभाग के पास 29 एंबुलेंस थीं। तीन नई ALS एंबुलेंस मिलने के बाद अब कुल एंबुलेंसों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। इससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार इससे पहले वर्ष 2020 में नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई थीं। विभाग नियमित रूप से एंबुलेंसों की फिटनेस जांच कराता है और नई एंबुलेंस मिलने पर पुरानी गाड़ियों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाता है।

नागरिक अस्पताल जींद के नोडल अधिकारी डॉ. रवि राणा ने बताया कि नई ALS एंबुलेंस मिलने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि एंबुलेंसों के रखरखाव और स्टाफ के नियमित प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि मरीजों को हर समय बेहतर और गुणवत्तापूर्ण आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिल सके।
- सड़क निर्माण और रखरखाव में लापरवाही पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, मुख्य सचिव को आदेश के पालन की जानकारी देने के निर्देश
- इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतारी गई युवती और दो युवक! लापता होने की शिकायत के बाद CISF की कार्रवाई, परिजनों ने जताई ‘लव जिहाद’ की आशंका , मुंबई जाने की तैयारी में थे तीनों
- नीला ड्रम हत्याकांड: DNA टेस्ट तक कराने को तैयार नहीं सौरभ का परिवार, जानिए जेल में जन्मी बच्ची का अब क्या होगा?
- IND vs WI 4th T20I: वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराया, संजू की फिफ्टी बेकार, कीमो पॉल ने झटके 5 विकेट, सीरीज 2-2 से बराबर
- पटना के बोरिंग रोड में Shriram Finance के नए BU ऑफिस का उद्घाटन, मंत्री लेशी सिंह और डॉ. सत्यजीत सिंह रहे मौजूद
