रायपुर. जल जीवन मिशन के दो वर्षों से लंबित भुगतान को लेकर नाराज छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर एसोसिएशन आज विधानसभा का घेराव करेगी. प्रदेशभर से करीब 800 की संख्या में ठेकेदार रायपुर के तूता धरना स्थल पहुचेंगे. इसके बाद सभी विधानसभा की ओर कूच करेंगे.
2200 करोड़ का भुगतान लंबित
जानकारी के मुताबिक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना में कार्य करने वाले ठेकेदारों का करीब 2200 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले दो वर्षों से लंबित है. भुगतान नहीं मिलने से नाराज ठेकेदारों ने बीते सप्ताह राजधानी रायपुर में एकजुट होकर नीर भवन का घेराव किया था. हालांकि, प्रदर्शन के बाद भी कोई समाधान नहीं निकलने पर अब छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है.
जानिए क्या है प्रमुख मांगे ?
मांगों को लेकर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि 2.5 वर्षों से अधिक समय से जल जीवन मिशन के ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया गया है. विभाग द्वारा अनुबंध से अलग हटकर नए-नए नियम और शर्तें लगा दिए गए हैं, जिसके कारण ठेकेदारों को काफी परेशानी हो रही है. इसे खत्म करने की मांग की है. करीब 800 कांट्रैक्टर्स आज प्रदर्शन में शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 2200 करोड़ के बिल अभी जमा है.

