अजय सैनी, भिवानी. राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को आयोजित विशाल विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा कार्यकर्ताओं पर पुलिस-प्रशासन का डंडा चला है। भिवानी पुलिस ने शनिवार को नाकेबंदी करते हुए गांव खरक के पास जजपा युवा जिला अध्यक्ष सेठी धनाना को हिरासत में ले लिया।

पुलिस की इस दमनकारी कार्रवाई के बाद जिले भर के युवा जेजेपी कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया है और सरकार के खिलाफ तीखी नारेबाजी देखने को मिल रही है। जानकारी के अनुसार देश और प्रदेश में युवाओं के रोजगार, पेपर लीक, छात्रों के अधिकारों तथा आम जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक विशाल शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। इस प्रदर्शन में देशभर से युवाओं और विभिन्न छात्र संगठनों का जमावड़ा होना तय था।

हरियाणा से भी युवाओं का एक बड़ा जत्था दिल्ली की ओर कूच करने की तैयारी में था। युवा जेजेपी जिला अध्यक्ष सेठी धनाना के नेतृत्व में भिवानी से सैकड़ों युवा कार्यकर्ता गाडिय़ों के काफिले के साथ जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए थे। जैसे ही सेठी धनाना का काफिला गांव खरक के पास पहुंचा, वहां पहले से तैनात पुलिस जजपा युवा जिला अध्यक्ष सेठी धनाना को हिरासत में ले लिया। सेठी धनाना ने कहा कि यह सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हुई है।

शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर जाकर देश की हुकूमत के सामने जनता और युवाओं की आवाज उठाना हमारा संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। मगर सत्ता के नशे में चूर सरकार युवाओं की बुलंद आवाज से इस कदर डर चुकी है कि अब हमारे ही जिले की सीमाओं पर पुलिस का पहरा बिठाकर हमें जेलों में ठूंसा जा रहा है। उससे साफ है कि सरकार जनता का सामना करने से घबरा रही है।