केंद्र के खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में आर-पार की तैयारी, जिलाध्यक्षों और सचिवों से लिया जाएगा फीडबैक


रांची। केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपना रुख और आक्रामक कर दिया है। विधेयक के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए पार्टी ने विस्तारित केंद्रीय समिति की बैठक बुलाई है।

20 अगस्त को सोहराय भवन में मंथन

झामुमो की यह महत्वपूर्ण बैठक 20 अगस्त 2026 को सुबह 10:30 बजे रांची के सोहराय भवन में होगी। बैठक में पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ सभी जिलों के अध्यक्ष, सचिव, संयोजक और महानगर अध्यक्ष-सचिव शामिल होंगे।

बैठक में जिलास्तरीय नेताओं से सुझाव लिए जाएंगे और इसके आधार पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन, धरना और चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

खान-खनिज बिल पर आर-पार के मूड में झामुमो

झामुमो नेताओं का कहना है कि केंद्र का नया खान एवं खनिज संशोधन विधेयक झारखंड के अधिकारों और आर्थिक हितों के खिलाफ है। पार्टी पहले ही विधेयक को लेकर विरोध दर्ज करा चुकी है। अब इसे बड़े जन-आंदोलन का रूप देने की तैयारी की जा रही है।

संगठन को मजबूत करने पर भी होगी चर्चा

बैठक में आंदोलन की रणनीति के साथ पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की भी समीक्षा होगी। बूथ से लेकर जिला स्तर तक चल रहे संगठन के पुनर्गठन की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।इसके अलावा जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की आगे की रणनीति और झारखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी मंथन होगा।

सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य

झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से जारी कार्यालय आदेश में केंद्रीय पदाधिकारियों और जिलास्तरीय नेताओं को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।20 अगस्त की बैठक के बाद यह साफ होगा कि खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो राज्य में आंदोलन का कौन-सा अगला कदम उठाता है।