Jodhpur Borewell Accident: राजस्थान के जोधपुर जिले के लोहावट क्षेत्र के नोसर गांव में बोरवेल में गिरे 9 वर्षीय भोमाराम को करीब 39 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शनिवार तड़के 3:30 बजे बाहर निकाला गया।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने बच्चे को बचाने के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। रेस्क्यू के बाद उसे लोहावट के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

640 फीट की गहराई में फंसा था मासूम
भोमाराम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार जुटी रहीं। बचाव अभियान के दौरान भारी मशीनों की मदद से बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदा गया, ताकि वहां तक पहुंचा जा सके।
करीब 640 फीट की गहराई, भारी पत्थरों और बोरवेल में पानी भरने जैसी तकनीकी चुनौतियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन को मुश्किल बना दिया। मिट्टी धंसने की आशंका के बीच बचाव दल को काफी सावधानी बरतनी पड़ी। करीब 39 घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार तड़के अभियान पूरा हुआ।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
रेस्क्यू टीमों ने भोमाराम को बाहर निकालने के तुरंत बाद एंबुलेंस से लोहावट के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और मृत घोषित कर दिया। बच्चे को बचाने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार और ग्रामीणों को इस खबर से गहरा सदमा लगा।
बोरवेल की मशीन खराब होने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, भोमाराम के पिता पांचाराम भील के खेत में बोरवेल की मशीन खराब हो गई थी। इसके चलते पंप को बाहर निकाला गया था और मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान पास में खेल रहा 9 वर्षीय भोमाराम खुले बोरवेल में गिर गया। बच्चे के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसके बाद प्रशासन और बचाव दलों ने उसे बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया।
कलेक्टर और एसपी मौके के हालात पर रखे रहे नजर
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। पुलिस अधीक्षक आदित्य काकड़े भी मौके के हालात पर नजर बनाए हुए थे। करीब 39 घंटे तक चले इस अभियान का अंत बच्चे की मौत के साथ हुआ। भोमाराम को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटी टीमों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद नोसर गांव में शोक का माहौल है।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान
