जोधपुर। मानसून में सड़कों पर जलभराव और गड्ढे अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगे हैं। मंगलवार सुबह एम्स-सांगरिया रोड पर पशु आहार केंद्र के पास सड़क के गहरे गड्ढे में बाइक सवार तीन युवक गिर गए। हादसे के वक्त पीछे से एक ट्रक भी आ रहा था। गनीमत रही कि तीनों युवक ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

सीवर के पानी में छिपा था गड्ढा, अचानक बाइक समेत गिरे तीनों

बताया जा रहा है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे के आसपास सीवर का पानी जमा था। पानी के कारण बाइक सवारों को गड्ढा नजर नहीं आया। जैसे ही बाइक गड्ढे में उतरी, तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।

हादसे में बाइक चालक का चेहरा सीधे सीवर के पानी से टकराया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों युवकों को गड्ढे से बाहर निकाला।

पीछे से आ रहा था ट्रक, बाल-बाल बची जान

हादसे के दौरान पीछे से ट्रक आने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी। हालांकि समय रहते तीनों युवक ट्रक की चपेट में आने से बच गए। स्थानीय लोगों ने बाइक को भी गड्ढे से बाहर निकाला और घायल युवक की मदद की।

हादसे के बाद जागा नगर निगम

घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गड्ढे के आसपास सीवर का पानी जमा होने के बावजूद पहले से कोई बेरिकेडिंग या चेतावनी व्यवस्था नहीं की गई थी।हादसे के बाद करीब दोपहर 1:30 बजे नगर निगम ने गड्ढे के चारों ओर बेरिकेडिंग कराई।

मानसून में बढ़ा गड्ढों से हादसों का खतरा

बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़कों के गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने और खुले गड्ढों के आसपास तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।