अजय सैनी, भिवानी। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध भिवानी स्थित जोगीवाला शिव मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रावण माह का
उत्साह दिखाई देने लगा है। श्रावण मास का शुभारंभ गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति के साथ हुआ। श्रावण मास के प्रथम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया।

जोगीवाला शिव मंदिर धाम के महंत वेदनाथ महाराज ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर श्रावण मास के धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पावन समय माना जाता है। इस दौरान प्रत्येक सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं शिव स्तुति का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

महंत वेदनाथ महाराज ने बताया कि डाबर धाम में 5 अगस्त तक अखंड रुद्राभिषेक एवं महामृत्युंजय यज्ञ का आयोजन निरंतर चलेगा। इसके साथ ही जोगीवाला शिव मंदिर धाम में प्रतिदिन भगवान शिव की स्तुति, दोपहर की विशेष पूजा तथा जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव की सच्ची श्रद्धा से की गई उपासना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।


श्रावण मास के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के विश्राम, पेयजल, प्रसाद तथा अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

श्रावण के पहले दिन महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और देश की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं का आना-जाना लगातार जारी रहा।