रांची। झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन और उग्र हो गया है। मंगलवार को पांच और अभ्यर्थी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। तेज बारिश के बावजूद सैकड़ों छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में राजधानी रांची में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को पांच और अभ्यर्थियों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। भारी बारिश के बावजूद जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरना स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।

रामगढ़ से आए अभ्यर्थी ब्रह्मानंद कुमार लगातार भूख हड़ताल पर डटे रहे। तेज बारिश के दौरान भी वह जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा के नीचे बिना छाते और टेंट के बैठे रहे। साथियों के बार-बार आग्रह के बावजूद उन्होंने टेंट में जाने से इनकार कर दिया। ब्रह्मानंद का कहना है कि उन्होंने JSSC CGL, JPSC FRO और ACF समेत कई परीक्षाएं दी हैं, लेकिन हर जगह अनियमितताएं देखने को मिली हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि

शाम के समय आंदोलनकारी छात्रों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने के लिए मार्च निकाला। छात्र शिबू सोरेन की तस्वीर और कटआउट लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचे, जहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मार्च में रांची के अलावा राज्य के कई जिलों से आए अभ्यर्थियों ने भी भाग लिया।

एजुकेटर अभिनय शर्मा ने दिया समर्थन

छात्र आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे जाने-माने एजुकेटर अभिनय शर्मा ने कहा कि यदि युवाओं को अपना और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करना है तो उन्हें भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ मजबूती से आवाज उठानी होगी।

भूख हड़ताल पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ी

वहीं, भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर काफी गिर गया है। शरीर में कमजोरी, डिहाइड्रेशन और तेज दर्द की शिकायत के बाद चिकित्सकीय सलाह पर उन्हें स्लाइन चढ़ाई गई। इसके बावजूद आंदोलन जारी है और छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।