रांची। झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकाला। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सिद्धू-कान्हू पार्क के पास रोक दिया।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकती रही।

दो बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े कार्यकर्ता

जानकारी के मुताबिक, जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र और ABVP कार्यकर्ता शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगी दो बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ते हुए मुख्यमंत्री आवास के पास स्थित सिद्धू-कान्हू पार्क के समीप पहुंच गए।

इसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस ने ABVP के चार सदस्यों को हिरासत में लिया।

मौके पर बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री आवास और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस बल की तैनाती के साथ ही प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है।

ABVP कार्यकर्ताओं के हाथों में मौजूद बैनर और पोस्टरों पर JPSC और JSSC परीक्षाओं को लेकर विभिन्न मांगें लिखी हुई थीं।

क्या हैं ABVP की प्रमुख मांगें?

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में—

JPSC और JSSC परीक्षाओं को तत्काल रद्द करना
परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच
उच्च शिक्षा में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर तत्काल बहाली
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल हैं।

फिलहाल सिद्धू-कान्हू पार्क के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों की मौजूदगी बनी हुई है। पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है और प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर आगे बढ़ने से रोका जा रहा है।