रांची। JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को उस वक्त और दिलचस्प हो गया, जब विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया। पानी की तेज धार के बीच कुछ छात्र पीछे हटने के बजाय रेन डांस करते नजर आए। छात्रों ने इसे विरोध प्रदर्शन के अपने अलग अंदाज के तौर पर पेश किया।

बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने लगे छात्र

विधानसभा घेराव के लिए निकले छात्रों ने कई जगहों पर पुलिस की बैरिकेडिंग का सामना किया। जगन्नाथपुर मंदिर के पास प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग खोलनी शुरू कर दी और उसे हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

वाटर कैनन के सामने डटे रहे प्रदर्शनकारी

छात्रों के आगे बढ़ने की कोशिश के बीच पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार शुरू कर दी। तेज पानी के दबाव के बावजूद कई छात्र मौके पर डटे रहे। इसी दौरान कुछ छात्रों ने पानी की धार के बीच रेन डांस कर विरोध का अलग अंदाज दिखाया।

फूल लेकर पहुंचे छात्र, कहा- शांतिपूर्ण है आंदोलन

प्रदर्शन स्थल पर कुछ छात्र टोकरी में फूल लेकर भी पहुंचे। उनका कहना था कि वे सरकार के सामने अपनी मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखना चाहते हैं। छात्रों की मुख्य मांगों में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच और परीक्षा रद्द करने समेत अन्य मांगें शामिल हैं।

सदन में सुदिव्य सोनू का विपक्ष पर हमला

उधर, विधानसभा के भीतर JPSC-JSSC विवाद को लेकर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सरकार और छात्रों के बीच हुई वार्ता का ब्यौरा दिया। उन्होंने दावा किया कि बातचीत में अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन गई थी, लेकिन दो बिंदुओं पर सहमति नहीं बन सकी।

मंत्री ने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन वापस लेना चाहते थे, लेकिन भाजपा नेताओं ने आंदोलन को प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को ‘हाइजैक’ कर लिया है और टकराव की स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा नेताओं और विधायकों को हिरासत

इधर, छात्रों के समर्थन और मुख्यमंत्री आवास घेराव के लिए पहुंचे भाजपा नेताओं और विधायकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें बसों के जरिए खेलगांव स्टेडियम लेकर पहुंची। विपक्षी नेताओं की हिरासत के चलते भाजपा के कई विधायक विधानसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके।

भाजपा नेता की तबीयत बिगड़ने की सूचना

मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रसाद को चोट लगने की जानकारी सामने आई। उन्हें हिरासत में लेकर खेलगांव ले जाने के बाद एंबुलेंस बुलाई गई और डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की।