रांची। झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं को लेकर लंबे समय से जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला लिया है। छात्रों के लगातार विरोध-प्रदर्शन और विधानसभा में हंगामे के बीच राज्य सरकार ने TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं और उससे जुड़ी पूरी प्रक्रिया को रद्द करने का ऐलान किया है।
परीक्षा से लेकर परिणाम तक सब रद्द
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि मामले के सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद TDPL से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।सरकार के फैसले के दायरे में TDPL द्वारा आयोजित परीक्षाएं, उनके परिणाम, चयनित अभ्यर्थी, परीक्षा में शामिल उम्मीदवार और एजेंसी से जुड़ी अन्य गतिविधियां शामिल हैं।
JSSC CGL भी रद्द
सरकार के इस फैसले से JSSC CGL परीक्षा को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग पूरी हो गई है। TDPL की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द किए जाने के बाद छात्रों के बीच खुशी का माहौल है।
लंबे आंदोलन के बाद छात्रों को बड़ी राहत
प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में JSSC CGL समेत विवादित परीक्षाओं को रद्द करना और पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच शामिल थी।
सरकार के इस ऐलान के बाद आंदोलनरत छात्रों में खुशी की लहर है। हालांकि, आगे की परीक्षा प्रक्रिया और नई परीक्षाओं के आयोजन को लेकर सरकार की ओर से क्या व्यवस्था की जाती है, इस पर अब अभ्यर्थियों की नजर रहेगी।


