रांची। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के बीच अब धरना स्थल पर प्रशासन की निगरानी भी बढ़ गई है। स्टेडियम के मुख्य गेट से लेकर पार्किंग एरिया तक CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार को भी कैमरे लगाने का काम जारी रहा।
पिछले कई दिनों से स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जुटे हैं। रांची के अलावा हजारीबाग, रामगढ़, गढ़वा समेत झारखंड के अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थी आंदोलन में शामिल होने पहुंचे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने स्टेडियम के प्रवेश और निकास वाले हिस्सों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करना शुरू कर दिया है।
गेट से पार्किंग तक कैमरे की नजर
स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पार्किंग एरिया को भी निगरानी के दायरे में लाया जा रहा है। कैमरे लगाने के लिए पोल पर काम करते कर्मचारी भी मौके पर नजर आए।
CCTV लगने के बाद स्टेडियम में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना प्रशासन के लिए आसान होगा। किस समय कौन स्टेडियम पहुंचा, किस दिशा से आवाजाही हुई और परिसर के आसपास क्या गतिविधियां हुईं, इसकी निगरानी कैमरों के जरिए की जा सकेगी।
भीड़ बढ़ी तो निगरानी भी हुई मजबूत
छात्र आंदोलन के लगातार तेज होने और धरना स्थल पर अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने के बीच प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्क है। मुख्य गेट और पार्किंग एरिया में CCTV लगाने से किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में घटनाक्रम की तस्वीरों और फुटेज के आधार पर जांच में मदद मिल सकती है।
छात्रों की आवाज के बीच कैमरे की ‘तीसरी नजर’
JPSC-JSSC अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना और सत्याग्रह पर डटे हुए हैं। अब तक आंदोलन स्थल पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के बीच निगरानी की जा रही थी, लेकिन CCTV कैमरों की स्थापना के बाद निगरानी का दायरा और बढ़ गया है।
यानी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में एक तरफ छात्रों की आवाज बुलंद है, तो दूसरी तरफ गेट से पार्किंग तक कैमरे की नजर। आने वाले दिनों में आंदोलन के दौरान यह CCTV निगरानी प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा होगी।


