विधानसभा के करीब पहुंचते ही पुलिस ने की कार्रवाई, मौके पर मची अफरा-तफरी, मांगों को लेकर डटे छात्र


रांची। JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने सोमवार को विधानसभा का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को हटाकर विधानसभा की ओर आगे बढ़ने की कोशिश की। छात्रों के विधानसभा के करीब पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

आंसू गैस छोड़े जाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाने की कोशिश की, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। विधानसभा परिसर के आसपास पहले से ही भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई थी।

छात्र JSSC CGL परीक्षा रद्द करने और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। रविवार को सरकार और छात्रों के बीच तीसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही थी, जिसके बाद छात्रों ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया था।

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कई जगहों पर पुलिस की बैरिकेडिंग हटाई और विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया। सुरक्षा बलों ने उन्हें रोकने के लिए पहले बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजामों का सहारा लिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया।विधानसभा के आसपास फिलहाल तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और सुरक्षा बल लगातार प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने में जुटे हैं।