धनबाद। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित धांधली और OMR शीट हेराफेरी की जांच तेज करते हुए सीआईडी (CID) ने सोमवार को धनबाद में बड़े पैमाने पर छापेमारी की। सरायढेला थाना क्षेत्र सहित शहर के कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने वाले संस्थानों और कथित बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

कोचिंग संस्थानों और संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश

सूत्रों के अनुसार, सीआईडी की जांच का फोकस उन बिचौलियों और कोचिंग नेटवर्क पर है, जिन पर JPSC परीक्षा में कथित सेटिंग और अनियमितताओं में शामिल होने का संदेह है। टीम ने सरायढेला और आसपास के क्षेत्रों में संचालित कई प्रतियोगी कोचिंग संस्थानों के संचालकों के आवास और कार्यालयों पर एक साथ छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और मोबाइल डेटा की जांच की। साथ ही कई लोगों से बंद कमरे में पूछताछ भी की गई।

आधिकारिक बयान का इंतजार

हालांकि, सीआईडी की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही यह स्पष्ट किया गया है कि छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है।

राज्यभर में जारी है कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में सीआईडी राज्यभर में 20 से अधिक ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई कर रही है। धनबाद में हुई छापेमारी के बाद प्रतियोगी परीक्षा से जुड़े संस्थानों और कथित बिचौलियों के बीच बेचैनी बढ़ गई है।

वहीं, मामले में पूर्व JPSC चेयरमैन एल. ख्यांग्ते से लगातार पूछताछ जारी है। अब तक इस प्रकरण में 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी और जांच अभियान लगातार जारी है।