JPSC Scam: रांची समेत 5 जिलों में CID की बड़ी रेड, 18 ठिकानों पर छापेमारी, OMR शीट और दस्तावेज जब्त
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता और OMR शीट हेराफेरी की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने सोमवार तड़के राज्यभर में बड़ा ऑपरेशन चलाया। जांच एजेंसी ने रांची, बोकारो, धनबाद, पलामू और हजारीबाग के 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई उन लोगों और संस्थानों पर केंद्रित रही, जिनके तार JPSC मुख्यालय, टीडीपीएल कंपनी और कंपनी के पूर्व मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी से जुड़े बताए जा रहे हैं।
रांची के कोचिंग सेंटर पर भी CID की दबिश
सीआईडी ने रांची के लालपुर स्थित पतंजलि एकेडमी और इसके संचालक संजीत उर्फ गोल्डेन के ठिकानों पर भी छापेमारी की। जांच एजेंसी को संदेह है कि अभय तिवारी की टीम सबसे पहले OMR शीट इसी कोचिंग संस्थान में लाती थी, जहां प्रश्नों के सही उत्तर तैयार किए जाते थे। इसके बाद उन्हीं उत्तरों के आधार पर अन्य OMR शीट भरी जाती थीं।
सुबह 2 बजे से 6 बजे तक चला ऑपरेशन
सीआईडी की कार्रवाई सोमवार तड़के सुबह 2 बजे से 6 बजे तक चली। इस दौरान टीम ने विभिन्न ठिकानों से लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, अभ्यर्थियों की OMR शीट की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्ड, मार्कशीट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए।
जांच टीम ने अभय तिवारी के देवघर स्थित आवास की भी तलाशी ली। वहीं उसके साले सौरव की तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। फिलहाल सीआईडी ने बरामद सामग्री या कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
किन-किन जिलों में हुई छापेमारी?
रांची
लालपुर स्थित पतंजलि कोचिंग सेंटर।
धुर्वा सेक्टर-2, साइट-5 में कोचिंग संचालक रवि कुमार का ठिकाना।
नामकुम में आदित्य पांडेय के आवास पर छापा।
बोकारो
सेक्टर-3C, क्वार्टर नंबर-315 स्थित सनत प्रकाश के आवास पर कार्रवाई।
पलामू
डालटनगंज पांकी रोड स्थित कोचिंग संचालक रविशंकर का परिसर।
बीएन कॉलेज परिसर में शिक्षक संतोष कुमार सिंह का ठिकाना।
नौडीहा बाजार स्थित पैतृक आवास सहित अन्य स्थानों पर छापेमारी।
धनबाद
सरायढेला स्थित वीटी इंफ्रा अपार्टमेंट।
सरायढेला का एक कोचिंग सेंटर।
धनबाद हाउसिंग कॉलोनी सहित अन्य संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई।
हजारीबाग
लालो यादव की तलाश में पौता क्षेत्र में छापेमारी।
JPSC मामले में पहले गिरफ्तार सुमन सौरभ के गंगादोहर स्थित आवास की तलाशी।
जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा
JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में सीआईडी लगातार कार्रवाई कर रही है। पहले हुई गिरफ्तारियों और पूछताछ के बाद अब जांच का दायरा कोचिंग संस्थानों, बिचौलियों और कथित नेटवर्क तक पहुंच गया है। जांच एजेंसी जब्त किए गए डिजिटल और वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।
मुख्य बातें
० JPSC अनियमितता मामले में CID की राज्यभर में बड़ी कार्रवाई।
० रांची, बोकारो, धनबाद, पलामू और हजारीबाग के 18 ठिकानों पर छापेमारी।
० OMR शीट, लैपटॉप, मोबाइल, बैंक दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त।
० रांची के पतंजलि कोचिंग सेंटर समेत कई संस्थान जांच के दायरे में।
० अभय तिवारी के देवघर स्थित आवास की भी तलाशी।
० CID ने फिलहाल कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
JPSC Scam: रांची समेत 5 जिलों में CID की बड़ी रेड, 18 ठिकानों पर छापेमारी, OMR शीट और दस्तावेज जब्त


