कुरुक्षेत्र । शहर की डीसी कॉलोनी स्थित जज की कोठी में काम करने वाले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव उसके कमरे में चारपाई पर मुंह के बल पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय हरीश भट्ट के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसका परिवार फिलहाल सिरसा के बरनाला रोड क्षेत्र में रह रहा है। हरीश कुरुक्षेत्र में जज की कोठी पर कुकिंग का कार्य करता था और वहीं बने कमरे में रहता था।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात वह रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था, लेकिन गुरुवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आया। साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने कई बार आवाज लगाई, मगर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर मामले की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक जांच करवाई और दरवाजा खुलवाने पर युवक का शव चारपाई पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को मिर्गी की बीमारी थी, ऐसे में रात के समय दौरा पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पुलिस हार्ट अटैक की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
- हाईकोर्ट की बड़ी टिप्पणी, कहा- स्वेच्छा से देह व्यापार करना अपराध नहीं…
- बिजली संकट पर MP में सियासी घमासान: जीतू पटवारी का सिंधिया पर तंज- ‘महल का बिल झोपड़ी से भी कम आया, गांवों में छाया है अंधेरा’
- शादी में जाने की थी तैयारी! 2 मासूम भाइयों की दर्दनाक मौत, रात को गड्ढे में मिले शव
- लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसाः रेलवे ट्रैक पर फंसी कार को एक्सप्रेस ट्रेन ने मारी टक्कर, नशे में था गेटमैन
- Bastar News Update : बस्तर दशहरा में माईजी को पहला न्योता… नेशनल हाईवे-30 पर एक रात में तीन मौतें… पांच महीने से जंजीर में युवक

