Junior Hockey Asia Cup 2026: जूनियर हॉकी एशिया कप में भारत की जूनियर महिला और पुरुष दोनों टीमों ने फाइनल में जगह बना ली है। महिला टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराया, जबकि पुरुष टीम ने मलेशिया को 3-1 से शिकस्त दी। दोनों टीमों के पास अब खिताब जीतने का मौका है।

सुप्रिया की हैट्रिक से महिला टीम फाइनल में

जूनियर महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराया। ड्रैग फ्लिकर सुप्रिया ने तीन गोल किए और तीनों पेनल्टी कॉर्नर से आए। मधु सिदर और सुखवीर ने भी एक-एक गोल किया। दक्षिण कोरिया के लिए यूरी जियोंग ने एकमात्र गोल दागा।

भारत ने 13वें मिनट में बढ़त बनाई। मधु सिदर ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-0 किया। 17वें मिनट में सुप्रिया ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त दोगुनी कर दी।

21वें मिनट में सुखवीर ने शानदार क्रॉस को गोल में बदलकर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। 33वें मिनट में सुप्रिया ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। दक्षिण कोरिया ने 41वें मिनट में यूरी जियोंग के गोल से अंतर कम किया।

इसके बाद भारतीय डिफेंस ने कोरियाई हमलों को रोक दिया। 56वें मिनट में सुप्रिया ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की और भारत ने 5-1 से मुकाबला जीत लिया। टीम 13 सितंबर को फाइनल खेलेगी, जिसमें उसका सामना चीन और जापान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

पाकिस्तान को 19-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंची थी टीम

भारत ने सेमीफाइनल से पहले पाकिस्तान को 19-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी। इससे पहले मेजबान चीन के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा था। भारतीय टीम ने जापान को 7-0, मलेशिया को 11-1 और दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया था।

अनमोल एक्का के दो गोल से पुरुष टीम की जीत

जूनियर पुरुष एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। कप्तान अनमोल एक्का ने दो गोल किए, जबकि सुखविंदर ने एक गोल दागा। मलेशिया की ओर से एम. राहुल ने एक गोल किया।

भारत पूल-ए में 10 अंक के साथ शीर्ष पर रहा था। टीम ने चार लीग मैचों में तीन जीत और एक ड्रॉ हासिल किया। भारत ने इंडोनेशिया को 14-0, दक्षिण कोरिया को 7-3 और चीनी ताइपे को 15-0 से हराया, जबकि जापान के खिलाफ मुकाबला 3-3 से ड्रॉ रहा।

पूल स्टेज में भारत ने 39 गोल किए और सिर्फ छह गोल खाए। अनमोल एक्का ने इंडोनेशिया के खिलाफ चार, दक्षिण कोरिया के खिलाफ दो और चीनी ताइपे के खिलाफ छह गोल किए।

लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का मौका

भारत जूनियर पुरुष एशिया कप का डिफेंडिंग चैंपियन है। टीम ने 2023 में पाकिस्तान को 2-1 और 2024 में फाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर लगातार दो खिताब जीते थे। भारत इससे पहले 2004, 2008 और 2015 में भी चैंपियन रह चुका है। 2024 का खिताब भारत का कुल पांचवां जूनियर एशिया कप खिताब था।

पुरुष टीम 13 सितंबर को फाइनल खेलेगी। उसका सामना पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

चारों सेमीफाइनलिस्ट ने वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया

जूनियर एशिया कप 2027 एफआईएच जूनियर वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट भी है। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली भारत, मलेशिया, पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया की टीमों ने 2027 जूनियर वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।

अब भारत की जूनियर महिला और पुरुष दोनों टीमों की नजर एशिया कप के खिताब पर है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H