कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर से एक बेहद चौंकाने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां दोस्ती और प्यार के नाम पर एक मनचले ने 12वीं कक्षा की छात्रा को अपनी हवस और लालच का शिकार बनाया। आरोपी ने न केवल छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो बनाए, बल्कि उसे एक लाख रुपये के लिए ब्लैकमेल भी किया। जब छात्रा ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने सारी हदें पार करते हुए वे वीडियो छात्रा के रिश्तेदारों को भेज दिए और फेक आईडी पर भी अपलोड कर दिए।
मुलाकात, दोस्ती और स्नैपचैट में चैटिंग
दरअसल, ग्वालियर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 19 वर्षीय छात्रा के साथ हुई इस दरिंदगी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर दोस्ती करने वालों को सचेत कर दिया है। यह कहानी शुरू हुई थी साल 2024 में, जब एमिटी यूनिवर्सिटी में एक सेमिनार के दौरान पीड़िता की मुलाकात एक युवक से हुई थी। दोस्ती के बाद बातचीत का सिलसिला स्नैपचैट पर शुरू हुआ।

प्यार का झांसा देकर बनाए न्यूड वीडियो
आरोपी ने छात्रा को अपने प्यार के झांसे में लिया और धोखे से उसके न्यूड फोटो और वीडियो बना लिए। वीडियो हाथ लगते ही आरोपी ने अपना असली रंग दिखाया और छात्रा को धमकाते हुए एक लाख रुपये की डिमांड कर दी। छात्रा ने जब ब्लैकमेलर के दबाव में आने से इनकार किया और उससे बात करना बंद कर दिया। जिसके बाद आरोपी ने बदले की भावना से उन शर्मनाक वीडियो को पीड़िता के रिश्तेदारों और परिचितों को वायरल कर दिए। साथ ही फेक आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिए।
पिता के पास फोन आते ही सामने आई असलियत
घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्रा के पिता के पास उनके दोस्तों के फोन आने लगे। लोक-लाज के डर को छोड़कर, पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और ग्वालियर थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ग्वालियर थाना पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी नाबालिग की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

