सतीश सिंह, लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए समाज शोषण और उत्पीड़न का सबसे ज्यादा शिकार हो रहा है. अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार का अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस का दावा अब बेअसर नजर आता है.
अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में पीडीए समाज के सौरभ विश्वकर्मा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना को बेहद निंदनीय बताया. उन्होंने बदायूं में डॉक्टर के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट तथा गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की तलवार से हत्या की घटना का भी उल्लेख करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद पीडीए समाज के लिए मुश्किलें बढ़ी हैं. महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है और थाना और कचहरी भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं. उनका आरोप है कि प्रदेश में धर्म और जाति देखकर न्याय किया जा रहा है और पुलिस अवांछित तत्वों के सामने लाचार दिखाई देती है.
इसे भी पढ़ें : दूध का दूध, पानी का पानी… राम मंदिर चढ़ावा चोरी एक बार फिर गरजे CM योगी, विपक्ष को घेरते हुए बोला तीखा हमला
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में नौजवानों की हत्या और बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी हैं. जमीनों पर कब्जे और जमीनों की खरीद-फरोख्त में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए उन्होंने अयोध्या का भी जिक्र किया. अखिलेश ने पुलिस हिरासत में मौतों, कथित फर्जी एनकाउंटर और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण खतरे में हैं. नौकरियों में पीडीए के लिए आरक्षित 11,514 सीटों पर घोटाले का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि शिक्षित समाज को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश हो रही है. उन्होंने स्कूलों के बंद होने, जौहर अली विश्वविद्यालय को लेकर कथित साजिश और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने का मुद्दा भी उठाया.
अखिलेश यादव ने आदिवासी क्षेत्रों में जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली में विंध्य एक्सप्रेस-वे के निर्माण के नाम पर जंगलों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. कहा कि एक तरफ सरकार रिकॉर्ड वृक्षारोपण का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर पेड़ों की कटाई हो रही है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार से जनता ऊब चुकी है और अब बदलाव चाहती है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचने और जनता के मौलिक अधिकारों को कमजोर करने में लगी है. अखिलेश ने दावा किया कि छात्र, नौजवान और समाज का वंचित वर्ग संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई में आगे आ चुका है. उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर जनता के साथ न्याय होगा और प्रदेश में खुशहाली आएगी.


