रंजीत रघुवंशी, अशोकनगर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज अशोकनगर दौरे पर रहे। इस दौरान उनका अनोखा अंदाज देखने को मिला। मंत्री सिंधिया ने न सिर्फ बैलगाड़ी की सवारी की बल्कि कई बॉलीवुड गानों पर वह जमकर थिरकते हुए भी दिखाई दिए।
चंदेरी विधानसभा के ग्राम सेमरखेड़ी में आयोजित ‘ग्राम चौपाल’ के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ी की सवारी की और ग्रामीण जनता से सीधा संवाद किया। वहीं ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के दौरान एक अलग ही रंग देखने को मिला। ‘ओ-ओ जाने जाना’, ‘झुमका गिरा रे’ और ‘अपनी तो जैसे-तैसे’ जैसे लोकप्रिय गानों पर सिंधिया युवाओं के बीच जमकर थिरके। वहां मौजूद युवाओं ने तालियां बजाकर उनका जोरदार उत्साहवर्धन किया।
युवाओं के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “आपसे ही मुझे असली एनर्जी मिलती है, मेरा शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर है।” दौरे के अंतिम चरण में गले में दिक्कत और आवाज बैठने के कारण कुछ कार्यक्रम निरस्त करने पड़े। सहराई में उद्बोधन के दौरान जब उनकी आवाज लड़खड़ाई तो उन्होंने जनता से कहा, “आवाज नहीं निकल रही है, लेकिन मेरे शरीर और दिल में आपके लिए धड़कन बहुत है।” स्वास्थ्यगत कारणों के चलते उनके दौरे में एक दिन की कटौती करनी पड़ी और युवा संवाद के तुरंत बाद वह ग्वालियर के लिए रवाना हो गए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

