कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। पंचकूला से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां कभी मैदान में दम दिखाने वाला पंजाब का कबड्डी खिलाड़ी अब नशा तस्करी में पकड़ा गया। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने रायपुररानी-नारायणगढ़ रोड पर गांव प्यारेवाला के पास घेराबंदी कर तरनतारन (पंजाब) निवासी रशपाल सिंह उर्फ लाली को बोलेरो गाड़ी समेत गिरफ्तार किया।

538 ग्राम हेरोइन बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी से 538 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए बताई जा रही है।
रायपुररानी में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
इस मामले में थाना रायपुररानी में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और पंजाब से हेरोइन लाकर पंचकूला व आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।
3 दिन के रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने पहले आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन का रिमांड लिया था, लेकिन अब और खुलासों की उम्मीद में दोबारा पेश कर 4 दिन का अतिरिक्त रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने मुख्य सप्लायर से जुड़ी अहम जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी कभी राज्य स्तर का कबड्डी खिलाड़ी रह चुका
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी कभी राज्य स्तर का कबड्डी खिलाड़ी रह चुका है। वहीं, उसके खिलाफ पंजाब में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है, जिससे बड़े खुलासे होने की संभावना है।

