बॉलीवुड में इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ काफी चर्चा में बनी हुई है. इसी बीच अब भगवान राम की कथा पर एक और फिल्म रिलीज होने वाली है. जिसका नाम ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ है. इस फिल्म को अभिषेक सिंह (Abhishek Singh) डायरेक्ट कर रहे हैं. फिल्म में ‘कच्चा बादाम’ गाने पर वीडियो बनाकर रातों-रात चर्चा में आई अंजली अरोड़ा (Anjali Arora) माता सीता के रोल में नजर आने वाली है. फिल्म की खास बात तो ये है कि इसे हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी रिलीज किया जाएगा.

अंजलि अरोड़ा निभाएंगी माता सीता का किरदार
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ (Mahakavya Shri Ramayan Katha) के टीजर में भगवान राम और माता सीता के विवाह से लेकर वनवास और रावण से जुड़ी कहानी की झलक देखने को मिल रही है. फिल्म में अंजली अरोड़ा (Anjali Arora) माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि देव शर्मा (Dev Sharma) को भगवान राम के किरदार में देखा जाएगा. वहीं, लक्ष्मण के रोल के लिए एक्टर शील वर्मा को चुना गया है. अंजली अरोड़ा (Anjali Arora) के लिए यह फिल्म काफी खास है, क्योंकि इस फिल्म से ही वो बतौर एक्ट्रेस अपना डेब्यू करने जा रही हैं.
छत्तीसगढ़ी भाषा में भी होगी रिलीज
फिल्म का निर्माण महोबिया फिल्म्स (Mahobiya Films) के बैनर तले किया गया है. प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला इसके निर्माता हैं, जबकि अजय कनौजिया की कंपनी एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड फिल्म को प्रस्तुत कर रही है. फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह (Abhishek Singh) ने किया है. इस फिल्म को हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी रिलीज किया जाएगा. ये फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
कैसा है टीजर?
टीजर की शुरुआत राम (देव शर्मा) और सीता (अंजलि अरोड़ा) के स्वयंवर से होती है. इसके बाद कहानी सीधे वनवास के सफर पर पहुंच जाती है. टीजर में ‘रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई’ जैसे मशहूर डायलॉग के साथ बैकग्राउंड में रामायण की चौपाइयां सुनाई देती हैं. वनवास के दौरान राम और सीता के बीच की खास केमिस्ट्री भी देखने को मिलती है. वहीं, जैसे ही माता सीता लक्ष्मण रेखा पार करती हैं, उसके बाद रावण के विनाश और उसके संहार की कहानी की शुरुआत होती है.


