प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के रामगढ़ में घायल आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। जवान का शव घर पहुंचते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। परिजन और ग्रामीण रामगढ़ दुर्गा चौक व थाना परिसर का घेराव करते हुए करीब 4 घंटे से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान वे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रामगढ़ थाना अध्यक्ष को निलंबित करने और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

जिंदा जलाने की कोशिश

दरअसल, रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहूका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव का पिछले सात दिनों से लखनऊ में इलाज चल रहा था। कल बुधवार की देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

बता दें कि बीते 9 सितंबर को आर्मी जवान को पैसे देने के लिए बुलाने के बाद गांव के ही दबंगों ने उनपर पेट्रोल छिड़कर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की थी। ताकी उन्हें बकाया के 16 लाख रुपए देने न पड़े। हालांकि वे इस दौरान किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे। लेकिन उनके शरीर का काफी हिस्सा बुरी तरह से जल चुका था। लखनऊ के मिलिट्री हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था।

थाना अध्यक्ष को निलंबित करने की मांग

आर्मी जवान की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण आज गुरुवार को बड़ी संख्या में रामगढ़ पहुंचे और दुर्गा चौक के साथ रामगढ़ थाना परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की प्रदर्शनकारियों की मांग है कि रामगढ़ थाना अध्यक्ष को निलंबित किया जाए और घटना में शामिल अन्य आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

मौके पर पहुंची मोहनिया एसडीएम

धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी, प्रभारी डीएसपी, नुआंव थाना अध्यक्ष, मोहनिया थाना अध्यक्ष सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे।

मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि, आर्मी जवान की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों द्वारा थाना तथा दुर्गा चौक पर धरना दिया जा रहा है। करीब चार घंटे से प्रदर्शन चल रहा है। प्रशासन द्वारा उनकी मांगों को सुना जा रहा है और परिजनों से बातचीत की जा रही है।

ये भी पढ़ें- ‘जनता को जूता ढूंढ़ना चाहिए’, PM मोदी के बर्थडे सेलिब्रेशन पर भड़के पप्पू यादव, बोले- विवश हूं…