प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र से एक घटना सामने आई है जहां एक ई-रिक्शा के तालाब में पलटने से चालक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक 9 वर्षीय बच्ची ने भी अपनी जान गंवा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

​कैसे हुई घटना?

​प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक ई-रिक्शा चालक मोहनियां से सवारी लेकर झलखिरिया गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुसौली और मुठानी गांव के पास ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित हो गया। सड़क के एक तरफ गहरा तालाब और दूसरी तरफ बाहा (पानी का निकास) होने के कारण चालक रिक्शा पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ई-रिक्शा सीधे तालाब में जा गिरा।

​पानी में डूबने से गई जान

​रिक्शा के तालाब में गिरते ही उसमें सवार सभी लोग पानी में डूबने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों के प्रयास से तीन लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे लेकिन ई-रिक्शा के नीचे दब जाने के कारण 9 वर्षीय बच्ची की पानी में ही दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, चालक टिंकू सिंह (निवासी: छोटकी मिरिया) को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी भी घटनास्थल पर ही जान चली गई।

​अस्पताल में हुई पुष्टि

​हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक चालक के भाई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने दोनों शवों को देखा। आनन-फानन में दोनों को मोहनियां अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अवदेश पाल ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने पुष्टि की कि अस्पताल लाए जाने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।

​पुलिस की कार्रवाई

​सूचना मिलने पर मोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि रिक्शा अनियंत्रित कैसे हुआ और क्या तकनीकी खराबी थी या मानवीय भूल।