प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में नकली डीएपी और यूरिया की पैकिंग किए जाने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर जिला प्रशासन और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने सोनहन-कुदरा रोड पर कुकराढ़ गांव के पास स्थित एक गोदाम में कल देर शाम छापेमारी की। इस दौरान मौके पर खाद भंडारण समेत संदिग्ध गतिविधियां मिलने के बाद प्रशासन ने गोदाम को सील कर दिया।

अवैध रूप से हो रहा था खाद का भंडारण

जानकारी के अनुसार, गोदाम में अवैध रूप से खाद का भंडारण किया जा रहा था और उसे ट्रक में लोड करने की तैयारी थी। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और कृषि विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच की।

छापेमारी के दौरान टीम ने पाया कि कृषि उपयोग में आने वाले यूरिया को इंडस्ट्रियल उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले टेक्निकल ग्रेड यूरिया के बैगों में अवैध रूप से भरा जा रहा था। इसके अलावा संदिग्ध उर्वरक को डीएपी की बोरियों में पैक करने की तैयारी चल रही थी।

​छापेमारी के दौरान बरामदगी का विवरण

  • टेक्निकल ग्रेड यूरिया: 683 भरी हुई बोरियां (गोदाम में) एवं 188 बोरियां (ट्रक पर लदी हुई)
  • ​डीएपी (DAP): 117 भरी हुई बोरियां
  • ​सफेद बैग में संदिग्ध उर्वरक (DAP सदृश): लगभग 756 बोरियां (DAP बैग में भरने हेतु रखी गईं)
  • ​खाली यूरिया बैग: लगभग 1,000 पीस
  • ​नए खाली डीएपी (DAP) बैग: 700 पीस
  • ​परिवहन वाहन: 1 ट्रक (जब्त)

संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी

​जांच एवं पूछताछ के क्रम में यह बात सामने आई कि उक्त गोदाम का संचालन ‘मां अंबे खाद भंडार’ के प्रोपराइटर आलोक श्रीवास्तव द्वारा किया जा रहा था। किसानों के हक की खाद का कालाबाजारी और अवैध री-पैकिंग मामले पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मौके से बरामद सभी उर्वरक एवं लोडेड ट्रक को जब्त कर लिया गया है। संबंधित संचालक एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रावधानों के तहत सोनहन थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने हेतु आवेदन दे दिया गया है। कृषि विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की अग्रिम कानूनी जांच जारी है।

अधिकृत विक्रेताओं से खाद खरीदने की अपील

​जिला प्रशासन, कैमूर द्वारा जिले के सभी किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि ​किसान केवल अधिकृत व पंजीकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदें तथा खरीद की पक्की रसीद (PoS रसीद) अवश्य प्राप्त करें। साथ ही किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, नकली/संदिग्ध खाद की बिक्री या अवैध भंडारण की जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय कृषि पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी या नजदीकी थाना को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। छापेमारी के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ, जिला कृषि पदाधिकारी, कैमूर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, भभुआ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- ‘डबल इंजन में आग लग गई’, बाढ़ को लेकर केंद्र पर भड़के तेजस्वी, बोले- बिहार के साथ सौतेला व्यवहार