प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां शादी के नाम पर राजस्थान के एक युवक को अपना शिकार बनाया गया। फर्जी शादी रचाकर दुल्हन, बिचौलिए और उसके साथियों ने मिलकर दूल्हे के लाखों रुपये और कीमती गहने ठग लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने भभुआ थाना में शिकायत दर्ज कराई है।

​कैसे रची गई ठगी की साजिश

​राजस्थान के बीकानेर जिले के देशनोक निवासी भंवर लाल ने बताया कि वह अपने भाई गौतम की शादी के लिए दुल्हन की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात संतोष उर्फ सतीश तिवारी नामक बिचौलिए से हुई। आरोपी ने विश्वास में लेते हुए बताया कि कैमूर के भीतरी बांध गांव में रहने वाले जय प्रकाश की 24 वर्षीय बेटी नेहा कुमारी से वह शादी करा सकता है।
​बिचौलिए ने लड़की के परिजनों की आर्थिक स्थिति खराब होने का हवाला देकर शादी के नाम पर एक लाख रुपये नकद और 1,17,000 रुपये के आभूषण और अन्य कीमती सामान ऐंठ लिए।

​कोर्ट मैरिज का नाटक और फिर फरार

​पीड़ित के अनुसार शादी के लिए 7 जुलाई की तारीख तय की गई। बिचौलिये ने उन्हें कोर्ट बुलाया जहां टेबल पर स्टांप पेपर और मुहरें रखी थीं। वहां औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बिचौलिए ने उन्हें होटल भेज दिया और कहा कि लड़की को सुबह स्टेशन पर भेज दिया जाएगा।
​अगले दिन जब वे भभुआ रोड स्टेशन पहुंचे, तो बिचौलिया दुल्हन को लेकर आया। लेकिन जब दूल्हे के भाई ने गहनों के बारे में पूछा, तो दुल्हन बाथरूम जाने का बहाना बनाकर वहां से बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गई। इसके बाद बिचौलिए का भी फोन बंद हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने भभुआ थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

​पुलिस ने शुरू की जांच

​मामले की गंभीरता को देखते हुए भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिल गई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है कि कैसे शातिर गिरोह शादी के नाम पर लोगों को लूट रहे हैं। पीड़ित परिवार अब इंसाफ की उम्मीद में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।