प्रमोद कुमार, कैमूर। उत्पाद विभाग और जिला पुलिस द्वारा वाहन जांच के दौरान जब्त की गई भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। खुले बाजार में इस नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

​मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बुलडोजर से हुई कार्रवाई

​मोहनिया चेक पोस्ट पर तहत पकड़ी गई कुल 8,344 लीटर विदेशी शराब को जेसीबी (बुलडोजर) के माध्यम से कुचलकर नष्ट किया गया। यह पूरी कार्रवाई कैमूर जिलाधिकारी कुमार अनुराग के सख्त आदेश और एक दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) की मौजूदगी में संपन्न हुई। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान मोहनिया चेक पोस्ट की सड़क पर शराब की नदियां सी बहती नजर आईं, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई।

​जिले के कई थाना क्षेत्रों में की गई जब्ती नष्ट

​बिहार में लागू सख्त शराबबंदी कानून के प्रावधानों के अनुसार, पकड़ी गई अवैध शराब को जिलाधिकारी के आदेश पर नष्ट किया जाना अनिवार्य है। इसी नियम का पालन करते हुए आज केवल मोहनिया ही नहीं, बल्कि कैमूर जिले के अन्य प्रमुख थाना क्षेत्रों जैसे भभुआ, चांद, रामगढ़ और दुर्गावती में भी अलग-अलग मामलों में जब्त की गई अवैध शराब को नष्ट किया गया।

उत्पाद विभाग ने दी पूरी जानकारी

मोहनिया चेक पोस्ट उत्पाद विभाग के प्रभारी संतोष श्रीवास्तव ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि डीएम कुमार अनुराग के आदेशानुसार कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार और जिला प्रशासन अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद है और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि राज्य में कानून का सख्ती से पालन हो सके।