प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले में इन दिनों पुलिस प्रशासन मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसके बावजूद शराब, हेरोइन और गांजा जैसे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त धंधेबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामले में कैमूर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 30 पुड़िया हेरोइन बरामद की गई है।
भभुआ थाना क्षेत्र में कार्रवाई
भभुआ थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कोशडिहरा गांव में एक व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन जैसा मादक पदार्थ छुपाकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले के सत्यापन के लिए छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस बल ने कोशडिहरा गांव में संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की, जहां से आरोपी सूरज पटेल (निवासी कोशडिहरा) को रंगे हाथों धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 20 पुड़िया हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है।
चैनपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई
दूसरी तरफ, चैनपुर थाना पुलिस नियमित पेट्रोलिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति अचानक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे खदेड़ कर पकड़ लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की जब नियमनुसार तलाशी ली गई, तो उसके पास से 10 पुड़िया हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव निवासी मुसई बिंद के पुत्र दीपक बिंद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मामलों में संलिप्त तस्करों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कैमूर पुलिस की चेतावनी
कैमूर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी कीमत पर नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार नहीं पनपने दिया जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उनके आसपास इस तरह की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।


