प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले के भभुआ सब्जी मंडी के पास हुए चर्चित युवक धनजी उर्फ रंजय पासवान हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर बड़ा खुलासा कर दिया है। कैमूर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज मामले के मुख्य चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है, जिसे फॉरेंसिक (FSL) जांच के लिए भेजा जाएगा।

​नशे के कारोबार और पैसों के लेन-देन में हुई थी झड़प

​पुलिस की प्रारंभिक जांच और मुख्य आरोपी कृष्णा पटेल से हुई पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि पूरी घटना नशे के कारोबार और पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ी थी। दो गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि लगभग 20 की संख्या में अपराधियों ने रंजय पासवान को दौड़ा-दौड़कर चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक रंजय भभुआ के वार्ड नंबर 25 का रहने वाला था। मामले में 6 नामजद समेत 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

​कैमूर में पहली बार आरोपियों की हुई गुंडा परेड

​इस कार्रवाई के दौरान कैमूर जिले में पहली बार गिरफ्तार आरोपियों की सार्वजनिक रूप से ‘गुंडा परेड’ कराई गई। पुलिस चारों मुख्य आरोपियों को घटनास्थल पर ले गई और उनसे गहन पूछताछ की। इस दौरान आरोपियों को भभुआ सब्जी मंडी, पास की तंग गलियों और व्यस्त एकता चौक पर घुमाया गया, ताकि आम जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके और अपराधियों में कानून का खौफ बने।

​बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी

​कैमूर एसपी ने बताया कि घटना में करीब 10 से 15 अन्य युवक भी शामिल थे, जिनकी पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार चल रहे बाकी अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।