प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां तीन दिनों से लापता 21 वर्षीय युवक का शव बाघिनी गांव के पास स्थित एक बगीचे से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के नौवां झोटी गांव निवासी शिव कुमार राम के बेटे शशि कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शादी से इनकार बना हत्या की वजह?
मृतक के पिता शिव कुमार राम ने इस घटना के लिए बाघिनी गांव के पांच लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि उनके बेटे की हत्या के पीछे शादी का विवाद है। उन्होंने बताया कि बाघिनी गांव के दुलार राम द्वारा शशि की शादी अपनी बहन से करने का दबाव बनाया जा रहा था। पिता ने पहले से ही बाघिनी गांव में रिश्तेदारी होने का हवाला देते हुए इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इसी रंजिश को लेकर शशि को फोन कर बुलाया गया और उसकी हत्या कर दी गई।
16 मई को हुई थी सगाई
परिजनों के अनुसार, शशि की सगाई 16 मई को रामगढ़ थाना क्षेत्र के छेवरी गांव में तय हुई थी, जहां से उसका रिश्ता पक्का हो चुका था। पिता ने आरोप लगाया कि घटना के दिन किसी का फोन आने के बाद शशि घर से निकला और तभी से लापता था। पिता ने यह भी बताया कि जब उन्होंने फोन करना शुरू किया, तो संदिग्धों के साथ-साथ उनके बेटे का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। घर का एकलौता चिराग बुझने से परिवार पूरी तरह टूट चुका है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्णा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर चोट और कटने-फटने के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल, मृतक के पिता द्वारा नामजद किए गए पांचों आरोपियों दुलार राम, मंजू देवी, रंजीत, भुआली और किसन की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

