राकेश कथूरिया, कैथल। रविवार 27 सितंबर को अवकाश का दिन होने के बावजूद जिले की सभी बैंक शाखाएं सामान्य बैंकिंग कार्यों के लिए खुली रहेंगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में ग्राहकों से अपील की गई है कि वे हड़ताल शुरू होने से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटा लें।

यह जानकारी अग्रणी जिला प्रबंधक सुमन कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित हड़ताल में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की विभिन्न बैंक यूनियनों के सदस्यों के शामिल होने की संभावना है।

27 सितंबर को सभी बैंक शाखाएं खुली रहेंगी

एलडीएम ने बताया कि 27 सितंबर, रविवार को जिले की सभी बैंक शाखाएं सामान्य बैंकिंग कार्यों के लिए खुलेंगी। ग्राहकों से कहा गया है कि वे इस दिन का उपयोग अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे करने के लिए करें।

हड़ताल के दौरान ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए बैंक प्रबंधन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

126 बैंक शाखाएं चलने की संभावना

कैथल जिले में कुल 222 बैंक शाखाएं हैं। वर्तमान आकलन के अनुसार हड़ताल की अवधि में करीब 126 बैंक शाखाएं कार्यशील रहने की संभावना है। वहीं करीब 96 शाखाओं में हड़ताल का असर पड़ सकता है।

बैंक प्रबंधन आवश्यक और आपातकालीन बैंकिंग सेवाएं जारी रखने के लिए कुछ शाखाओं को चालू रखने पर भी विचार कर रहा है।

128 ATM और 227 बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट केंद्र रहेंगे सक्रिय

हड़ताल के दौरान जिले के 128 एटीएम और 227 बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट केंद्र अतिरिक्त क्षमता के साथ कार्यरत रहेंगे। ग्राहकों को नियमित बैंकिंग जरूरतों के लिए इन सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने की अपील की गई है।

एलडीएम सुमन कुमार ने ग्राहकों से कहा कि वे हड़ताल के दौरान एटीएम, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट केंद्रों और डिजिटल बैंकिंग माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि संभावित असुविधा को कम किया जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m