राकेश कथूरिया, कैथल : सांसद नवीन जिंदल के प्रयासों से गांव भागल में ताइक्वांडो खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की गई। इस अवसर पर रविंदर धीमान ने खिलाड़ियों को खेलों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया और बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच श्री गुरमीत सिंह ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए बताया कि खेलों के माध्यम से युवा सरकारी नौकरियों के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से खेलों से जुड़कर युवा अपने शरीर को स्वस्थ और मजबूत रखने के साथ-साथ अपने भविष्य को भी बेहतर बना सकते हैं।

जूडो कोच संदीप डीपी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए खिलाड़ी अपने गांव, जिले और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके माता-पिता और परिवार के लिए भी गर्व का विषय बनती हैं।

एडवोकेट अनिल कुमार, प्रेसिडेंट अवार्डी, ने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि खेलों के साथ-साथ शिक्षा को भी समान महत्व दें। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा दोनों को साथ लेकर चलने से युवा अपने जीवन में बेहतर सफलता हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों को खेलों के प्रति निरंतर मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m