राकेश कथूरिया, कैथल। आज भाजपा जिला कार्यालय कपिल कमल, कैथल में भाजपा कैथल जिलाध्यक्ष एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला समिति की जिला संयोजक ज्योति सैनी की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा हरियाणा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं सुशासन के कार्यकाल के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
डॉ. संजय शर्मा ने कहा—सेवा और संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाना है।
डॉ. संजय शर्मा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए देश ने विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त की हैं। अब हमारा दायित्व है कि इन उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाएं और विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, लाभार्थियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को जोड़ा जाएगा।
डॉ. शर्मा ने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि 17 सितंबर की संध्या को बूथ स्तर पर कार्यकर्ता विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर दीप प्रज्वलित करेंगे।
उन्होंने ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के बारे में बताया कि देश के सरकारी और निजी स्कूलों में प्रधानमंत्री जी के सेवा कार्यों तथा विकसित भारत की संकल्पना पर ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसी प्रकार ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों को नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से गांव-गांव और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने ‘आंगन का उत्सव’ को माताओं और बच्चों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताते हुए कहा कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों और उनकी माताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
‘कहानी बदलाव की’ के अंतर्गत मोदी सरकार की योजनाओं से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले लाभार्थियों की वास्तविक एवं प्रेरणादायी कहानियों को सामने लाया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ की जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को ऐसे परिवर्तनकारी स्थलों तक ले जाया जाएगा, जहां विकास का वास्तविक प्रभाव दिखाई देता है।
उन्होंने ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को जनभागीदारी और राष्ट्र-संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि गांव, जिला और राज्य स्तर पर यात्राएं निकाली जाएंगी। विभिन्न दिशाओं से आने वाली यात्राएं एक निर्धारित स्थान पर एकत्र होंगी, जहां 25 वर्षों की सेवा एवं विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी और सभी नागरिक ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लेंगे।
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को समाज सेवा में अपना योगदान देने का अवसर मिलेगा। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, शिक्षा सहयोग, महिला स्वास्थ्य, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, खेल, दिव्यांगजन सहयोग, अंगदान संकल्प सहित 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों में से कोई एक गतिविधि अपनाई जा सकती है।
उन्होंने ‘सेवा सेतु अभियान’ को सरकार और नागरिक के बीच मजबूत सेतु बताते हुए कहा कि विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर सेवा सेतु कैंप लगाए जाएंगे, जहां केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र लोगों को मौके पर योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लाभार्थियों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
‘रंगोली राष्ट्र’ के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली सहित रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ को युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और इनोवेटर्स को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया।
वहीं ‘जनसेवक महाकुंभ’ 17 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें देशभर से लगभग 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की रूपरेखा है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि इन सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ता जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें और अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ें।
इस अवसर पर भाजपा कैथल जिलाध्यक्ष एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला संयोजक ज्योति सैनी ने अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए संयोजकों की नियुक्ति की। उन्होंने कहा कि सभी संयोजक अपने-अपने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
नियुक्त किए गए संयोजक इस प्रकार हैं—
सेवा मेरा योगदान — सतपाल जांबा, जनसेवक महाकुंभ — कमलेश ढाँडा, सेवा सेतु अभियान — लीला राम गुर्जर, नमो सेवा गाथा — देवेंद्र पंचाल, आशीर्वाद का दीया — राजपाल तंवर, विकसित भारत संकल्प यात्रा — सुभाष हजवाना, 25 करोड़ युवाओं के सपनों का भारत — मुनीष कठवाड़, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज — करमबीर कॉल, रंगोली राष्ट्र — सुरभि गर्ग, वीडियो बैंक — रवि तारावली, कहानी बदलाव की — लोकेश राणा, आंगन का उत्सव — निधि मोहन, सेवा ज्योति यात्रा — रोहन मित्तल
ज्योति सैनी ने कहा कि भाजपा का संगठन सेवा को राजनीति से ऊपर रखकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करता है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से कैथल जिले में भी व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और प्रत्येक कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभियान को केवल पार्टी का कार्यक्रम न मानकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व के रूप में लें तथा अधिक से अधिक नागरिकों को सेवा कार्यों से जोड़ें।
कार्यशाला में पार्टी के जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता एवं अभियान से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
- कैथल में भाजपा की सेवा संकल्प अभियान को लेकर कार्यशाला, 13 कार्यक्रमों के लिए संयोजक नियुक्त
- मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का विरोध, SKMCH में जूनियर डॉक्टरों ने किया हंगामा
- दिल्ली में ओडिशा के नेताओं की हलचल, सीएम माझी, नवीन और भक्त के दौरे से गरमाई प्रदेश की राजनीति
- प्रभारी DEO पर बिजली बिल की राशि के गबन का आरोप, शिक्षा विभाग ने किया निलंबित, पहले भी BEO रहते हो चुके हैं सस्पेंड
- विधायक के पिता 3 महीने से सीमांकन के लिए भटकते रहे, रिपोर्ट में लिख दिया- ‘आवेदक नहीं कराना चाहते सीमांकन’; पटवारी और सिस्टम पर सवाल



