कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में पानी की निकासी को लेकर दो पड़ोसी के बीच हिंसक झड़प हो गई। गंडासी और लाठियों से लैस दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, इस घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों गुटों के 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें 6 महिलाएं भी शामिल हैं। मामला पूंडरी के गांव टयोंठा का है।

झगड़े का मुख्य कारण

विवाद की शुरुआत फर्श धोने को लेकर शुरु हुआ। पहले पक्ष का आरोप है कि, पड़ोस में रहने वाले प्रदीप, कृष्ण, सुमन, सीमा ने पानी उनके घर में जाने की बात पर विरोध शुरू कर दिया। लेकिन, मामूली बहस देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग हथियारों के साथ मौके पर आए और कृष्णा देवी के परिवार पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया।

दूसरे पक्ष के आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष के कृष्ण कुमार ने भी पुलिस में शिकायत की है। उनका आरोप है कि श्रवण कुमार, शिवम और मामो देवी समेत अन्य लोगों ने उनके परिवार को घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए। इस आपसी मारपीट में दोनों पक्ष के सदस्यों को गहरी चोटें आई हैं।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतों पर केस दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने कुल 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है और पुलिस सबूतों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन सतर्क है।