(राकेश कथूरिया रिपोर्टर कैथल)
राकेश कथूरिया,कैथल: आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर जी का जन्मदिन बुधवार को पूरी दुनिया के साथ-साथ कैथल में भी बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर अंबाला रोड स्थित कपिस्थल आश्रम में एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला।
स्वामी ज्ञानेश्वर जी ने की गुरु पूजा
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी ज्ञानेश्वर जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 'गुरु पूजा' से हुई। आचार्या अल्पना मित्तल ने बताया कि गुरुदेव का जन्मदिन विश्व स्तर पर मनाया जाता है और इसी कड़ी में कैथल के भक्तों ने इस पावन संध्या का आनंद लिया।
भजनों की स्वरलहरियों पर झूमे भक्त
भजन संध्या में गायक दीपक सेठ, डॉ. विकास भटनागर, यशिका, हिमालय भल्ला और अन्य संगीतकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। जब 'हरी विठ्ठल' भजन की गूंज आश्रम में सुनाई दी, तो वहां मौजूद श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमने पर मजबूर हो गए। संगीत और ध्यान के इस संगम ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
192 देशों में एक साथ हुआ आयोजन
आचार्या रुचि शर्मा ने जानकारी दी कि यह दिवस केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के 192 देशों में उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान श्री श्री रविशंकर जी ने ऑनलाइन माध्यम से 152 देशों के लाखों लोगों को एक साथ ध्यान (Meditation) करवाया, जिसका लाभ कैथल के भक्तों ने भी उठाया।
भंडारे के साथ हुआ समापन
इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों सहित 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने आश्रम में तैयार 'लंगर प्रसाद' ग्रहण किया। इस अवसर पर कंचन सेठ, सुनील खुराना, डॉ. राजेश सीकरी, पियूष हसीजा, भारत खुराना और युधिष्ठिर मित्तल समेत भारी संख्या में सेवादार और अनुयायी मौजूद रहे।
हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

